बलरई पुलिस ने ली शपथ: ‘रन फॉर यूनिटी’का दिया एकता संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस

जसवंतनगर,बलरई,इटावा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सीओ आयुषी सिंह निर्देशन में थाना जसवंतनगर एवं बलरई में एकता शपथ कार्यक्रम और “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों थानों के समस्त अधिकारी पुलिस जवान,यूपी-112 डायल पुलिसकर्मी,रिजर्व पुलिस लाइन से आए प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षु व प्रशिक्षक तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।
थाना जसवंतनगर में थानाध्यक्ष कमल भाटी की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में सभी को राष्ट्रीय एकता,अखंडता और देश की सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया,जो थाना परिसर से प्रारंभ होकर रामलीला रोड, हाइवे चौराहा,बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा,नदी पुल, लुधपुरा तिराहा होते हुए रेलमंडी मार्ग से सुघर सिंह कॉलेज तक संपन्न हुआ
इस दौड़ में पुलिस कर्मियों,विद्यालय के बच्चों और आम नागरिकों ने एकता,अनुशासन और देशभक्ति का परिचय दिया।
वहीं थाना बलरई में प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सरोज की अगुवाई में पुलिस कर्मियों ने “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया। यह दौड़ थाना परिसर से शुरू होकर नहर पुल तक संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने जनता के बीच “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश देते हुए लोगों को राष्ट्रीय एकता और भाई-चारे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।



