चुनाव निष्पक्ष होते तो सपा सभी 11 सीटों पर जीतती: शिवपाल
=भाजपा सरकार पर एमएलसी चुनाव में बेईमानी कराने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। मैदानी रामलीला मैदान में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर चुनाव में बेईमानी कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि एमएलसी चुनाव निष्पक्ष तरीके से होते तो समाजवादी पार्टी सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करती।
शिवपाल सिंह यादव ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव में शासन-प्रशासन ने सरकार के इशारे पर काम किया। गोरखपुर और मेरठ में बेईमानी से प्रत्याशियों को जिताने का आरोप लगाते हुए उन्होंने आगरा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजम खान के जेल से रिहा होते ही ईडी द्वारा गिरफ्तारी कराना भाजपा की सोची-समझी साजिश है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार से हर वर्ग परेशान है। बेरोजगार नौजवान,छात्र-छात्राएं, महिलाएं,पुरुष और छोटे-मध्यम वर्ग के व्यापारी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने से परीक्षार्थियों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। कहा कि पेट परीक्षा में दूर-दूर सेंटर दिए जाने से अभ्यर्थियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर सपा की सरकार बनने पर जनता इसका जवाब देगी।
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान की भावना के अनुरूप काम नहीं कर रही है। शासन-प्रशासन भी सरकार की मनमानी में सहयोग कर रहा है।
कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन बरकरार रहेगा। सीटों के बंटवारे का निर्णय दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष आपसी बातचीत से करेंगे।
वहीं,असदुद्दीन ओवैसी के बयानों पर उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि ओवैसी किसके इशारे पर और किसके लिए काम कर रहे हैं।



