गाजियाबाद कराटे स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, आठ खिलाड़ियों ने जीते पदक

ओकिनावा कप एवं भारत-नेपाल मैत्री अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में दो स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

गाजियाबाद। नोएडा स्टेडियम में 25 अक्टूबर को आयोजित दूसरी ओकिनावा कप एवं भारत-नेपाल मैत्री अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में गाजियाबाद कराटे स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्कूल के 10 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से आठ खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है।

गाजियाबाद कराटे स्कूल के मुख्य प्रशिक्षक शिहान नरेंद्र सिंह ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में कुल 574 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से आए खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप के मुख्य आयोजक शिहान अमर चौहान, संजय शर्मा और कमल थापा रहे।

प्रतियोगिता में गाजियाबाद कराटे स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए। रौनक सिंह और वरदान कुलश्रेष्ठ ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, दीपिका और शौर्य सिंह ने रजत पदक जीतकर स्कूल का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा रीत कौर, जिया सिंह, अयांश कुमार और विभा शर्मा ने कांस्य पदक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गाजियाबाद कराटे स्कूल के पदाधिकारियों आरके सप्रू, उदयवीर सिंह, भरत राणा और जैक्सन यादव मामा ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी नियमित मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर गाजियाबाद और देश का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Back to top button