कवि सम्मेलन:काव्य-कृति ‘मंगल मनन’ का भव्य विमोचन

विराट कवि सम्मेलन में कवियों ने सुनाई काव्य रचनाएं

भरथना,इटावा। भरथना की संस्था सद्भावना साहित्य परिषद के तत्वाधान में स्व.रामकली एवं स्व.रामगोपाल शाक्य की स्मृति में बीते दिन क्षेत्र के ग्राम जारपुरा,साम्हों में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। समारोह में वरिष्ठ कवि महेश मंगल की छठवीं काव्य-कृति ‘मंगल मनन’ का भव्य विमोचन किया गया।

इस अवसर पर गीतकार जयराम जय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महेश मंगल की यह काव्य-कृति उनके ननिहाल में विमोचित हुई है। इसी गाँव की माटी में उनका जन्म हुआ और बचपन बीता,जिस प्रकार जन्मोत्सव में छठी का विशेष महत्त्व होता है, उसी प्रकार महेश मंगल की छठवीं छंदबद्ध काव्य-कृति का विमोचन भी उनके जीवन की एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विभिन्न काव्य-विधाओं में सृजनरत व महेश मंगल वाचिक काव्य-परंपरा के ओजस्वी एवं समर्थ वरिष्ठ कवि हैं।

उनकी कृति ‘मंगल मनन’ में 216 घनाक्षरी छंद संकलित हैं। इन छंदों में परंपरा के साथ नवीनता का सुंदर समन्वय है। समकालीन यथार्थ,सामाजिक विसंगतियों और लोकचेतना की सशक्त अभिव्यक्ति इस कृति को विशिष्ट बनाती है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अनूठी कृति का साहित्य-जगत,विद्वानों और पाठकों के बीच हार्दिक स्वागत होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिवक्ता रामपाल सिंह राठौर तथा विशिष्ट अतिथियों रामशंकर वर्मा,रघुराज सिंह कुशवाहा और सुरेश चंद्र दुबे ने कृतिकार महेश मंगल को नई कृति के विमोचन पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। आयोजक डॉ.एस.के. श्याम,व्यवस्थापक रवींद्र सिंह यादव,संयोजक दीप सिंह शाक्य व उपेन्द्र यादव ने संस्था के पदाधिकारियों के साथ आमंत्रित अतिथियों एवं कवियों का सम्मान किया। समारोह का संचालन सत्येंद्र निर्झर और उपेंद्र भोला ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में गीत, गज़ल और छंदों से सजी काव्य-संध्या आयोजित विराट कवि सम्मेलन में देशज संवेदना, सामाजिक सरोकारों और विविध काव्य-विधाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।

महेश मंगल, जयराम सिंह जय फतेहपुर,महेंद्र मिहोनवी भिंड,कलीम खाँ कलीम, गजलकार अन्जान जालौन,कुमार सूरज कानपुर,दिनेश नीरज मऊ,सत्येंद्र निर्झर एटा, मुन्नालाल सौरभ,उपेंद्र भोला मैनपुरी, राजकिशोर राज़ आगरा, और श्याम कुमार श्याम सहित अनेक कवियों ने गीत,नवगीत,गजल, ओज-कविता,छंद, मुक्तक,दोहे तथा हास्य-व्यंग्य की रचनाएँ सुनाकर श्रोताओं की भरपूर वाह-वाही बटोरी। समारोह में अरविंद पोरवाल,रामशंकर वर्मा सर्राफ,रामनरेश पोरवाल, अनिल श्रीवास्तव,विनय पोरवाल,वीरेंद्र सिंह चौहान,पंकज नारायण पोरवाल,विपिन बिहारी दुबे,उमाशंकर तिवारी, श्रीकृष्ण पोरवाल, शिवकुमार सक्सेना,महेंद्र सिंह चौहान,किशनपाल सिंह राठौर,रामप्रकाश पाल,संतोष वर्मा, रामलखन शाक्य, रमाकांत पोरवाल, सत्येन्द्र यादव सार्थी सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button