करवा चौथ: बाजारों में बढ़ी रौनक, खरीददारी में जुटीं महिलाएं

जसवंतनगर,इटावा। करवा चौथ को लेकर बाजारों में खरीदारी का उत्साह बढ़ गया है। सुहागिनों के लिए साड़ी, आभूषण,चूड़ियां, कॉस्मेटिक्स,मेहंदी,पूजा की थाली,करवा और सजावटी सामान की मांग तेज हो गई है। बाजारों में महिलाओं की आवाजाही बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। त्योहार के चलते सराफा, कपड़ा और ब्यूटी पार्लर कारोबार में विशेष रौनक दिखाई दे रही है।

करवा चौथ अब केवल व्रत और पूजा तक सीमित नहीं रह गया है। महिलाओं में पारंपरिक साज-सज्जा के साथ डिजाइनर करवा,पूजा थाली और आधुनिक आभूषण खरीदने का भी चलन बढ़ा है। बाजारों में साड़ी,चूड़ी,सोने-चांदी के आभूषण और कॉस्मेटिक सामान की खरीदारी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

त्योहारी सीजन में करवा चौथ बाजार के लिए बड़ा अवसर बनकर सामने आया है। सूत्रों की खबरों के मुताबिक नगर में कपड़े, ज्वेलरी, कॉस्मेटिक्स,मिठाई, गिफ्ट आइटम और पूजा सामग्री की बिक्री में तेजी रह रही।

महिलाओं के बीच हल्के आभूषणों की मांग भी बढ़ी है। सोने की कीमतों में तेजी के चलते भारी आभूषणों के बजाय हल्के डिजाइन के गहनों को प्राथमिकता देने का रुझान सामने आया। मेहंदी,ब्यूटी पार्लर और सैलून में भी त्योहार को लेकर व्यस्तता बढ़ी है।

करवा चौथ की तैयारियों में अब सोशल मीडिया का रंग भी दिखाई दे रहा है। महिलाएं नए परिधानों और मेहंदी के साथ फोटो-वीडियो साझा कर रही हैं। कई जगह करवा चौथ की किट और प्री-करवा चौथ ग्रूमिंग पैकेज भी महिलाओं की पसंद बने हैं।

वहीं,पतियों की ओर से पत्नी के लिए साड़ी, आभूषण,कॉस्मेटिक्स, स्मार्टवॉच,मोबाइल फोन और अन्य उपहार खरीदने का चलन भी बढ़ा है। इस तरह करवा चौथ पारंपरिक आस्था के साथ आधुनिक जीवनशैली और बाजार की बदलती पसंद का भी उत्सव बनता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button