मोहन नगर, वसुंधरा और इंदिरापुरम में 585 करोड़ के विकास कार्य: महापौर
अगले छह माह में शहर को साफ और सुंदर बनाने का लक्ष्य

गाजियाबाद। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा मोहन नगर, वसुंधरा और इंदिरापुरम जोन में तीन वर्षों के दौरान करीब 585 करोड़ रुपये की लागत से 2010 विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें निर्माण, उद्यान और जलकल विभाग के कार्य शामिल हैं।
महापौर के अनुसार, वसुंधरा जोन और इंदिरापुरम में लगभग 320 करोड़ रुपये की लागत से 932 कार्य, जबकि मोहन नगर जोन में करीब 265 करोड़ रुपये की लागत से 1078 कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों में सड़क निर्माण, नाली, जल निकासी, पार्कों का सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शहर का विकास कराया जा रहा है। स्थानीय जनता और पार्षदों की मांग के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले छह महीनों में शहर पहले से अधिक साफ और सुंदर दिखाई देगा। इसके लिए प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर, फुटपाथ और पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।



