पांच किमी सड़क में गड्ढों का कब्जा: राहगीर परेशान
आगरा, इटावा के गांवों को जोड़ने वाले लिंक मार्ग की हालत बदहाल

जसवंतनगर,इटावा। आगरा, इटावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को राष्ट्रीय राजमार्ग और लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला लिंक मार्ग बदहाली का शिकार है। तिजोरा गांव के चौराहे से बीबामऊ होते हुए नगला रामजीत के रास्ते मैनपुरी जिले के मीठेपुर तक जाने वाले करीब चार से पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और सड़क पर बिखरी गिट्टी राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। हालत यह है कि सड़क पर गड्ढों के बीच रास्ता तलाशकर निकलना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि गड्ढामुक्त सड़क बनाने के दावों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का इस मार्ग की ओर ध्यान नहीं है।
यह मार्ग आगरा जिले की बाह तहसील और जैतपुर ब्लॉक क्षेत्र के करीब एक सैकड़ा गांवों के साथ इटावा जिले के बाऊथ, खंदिया,फकीरे की मड़ैया, तुलसी नगर,यादव नगर, तिजोरा,नगला विशुन, नगला सलहदी और अजबपुर सहित अन्य गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। बीबामऊ से नगला रामजीत होते हुए मैनपुरी जिले के मीठेपुर तक जाने वाला यह रास्ता राष्ट्रीय राजमार्ग और लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा से ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गड्ढे में पहिया जाने से बाइक पलटी,डीजल फैला
ग्राम महा मई निवासी घनश्याम ने बताया कि वह खेतों की सिंचाई के लिए बाइक पर 25 लीटर डीजल लेकर जा रहे थे। नगला रामजीत से पहले बाइक का पहिया गड्ढे में चला गया। सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण बाइक फिसलकर पलट गई। हादसे में उनका डीजल फैल गया और उन्हें चोट भी आई।
समाचार पत्र एजेंसी के संचालक दलबीर सिंह ने बताया कि उन्हें रोजाना सुबह दर्जनों गांवों में अखबार पहुंचाने होते हैं। खराब सड़क के कारण अक्सर परेशानी होती है। कई बार गिट्टी घुसने से साइकिल और बाइक के टायर पंचर हो जाते हैं।
नगला रामजीत निवासी विनय कुमार ने बताया कि उनके बच्चे रोजाना साइकिल से स्कूल जाते हैं। गड्ढों के कारण उनके गिरकर चोटिल होने का डर बना रहता है। नगला असरोही निवासी रविंद्र सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करने के लिए इसी मार्ग से रोजाना आते-जाते हैं। कई बार गड्ढों में पैर पड़ने से उन्हें मोच और चोट आई है। इसके कारण उन्हें मजदूरी पर जाने से भी वंचित होना पड़ा।
दो किमी सड़क निर्माण को मिली स्वीकृति
प्रांतीय खंड के जेई अभिषेक कुमार ने बताया कि राजमार्ग से बीबामऊ गांव तक करीब दो किलोमीटर सड़क के नए निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं, बीबामऊ से तिजोरा चौराहे तक सड़क पर पैचवर्क कराया जाएगा।



