दहेज प्रताड़ित का आरोप पति व छह पर रिपोर्ट दर्ज
बेटी के जन्म के बाद आठ माह की बच्ची के साथ घर से निकालने और स्त्रीधन हड़पने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के नगला इन्छा निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और स्त्रीधन अपने पास रखने का आरोप लगाया है। विवाहिता का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद ससुराल वालों ने उसकी आठ माह की बच्ची को उससे अलग कर दिया और उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगला इन्छा निवासी अंजली देवी उर्फ मुस्कान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी नौ दिसंबर 2024 को दिल्ली के भजनपुरा निवासी राहुल के साथ हुई थी। उसके माता-पिता ने शादी में 10 लाख रुपये नकद, गृहस्थी का सामान, सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर उसका उत्पीड़न करने लगे।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसका पति दिल्ली की एक निजी कंपनी में मैनेजर है और उसके किसी अन्य महिला से संबंध हैं। आरोप है कि पति उस महिला को पत्नी की तरह रखता है। अंजली ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ गालीगलौज और मारपीट की गई। उसने पति पर दोस्तों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर गंभीर हालत में छोड़ने की बात भी तहरीर में कही गई है।
अंजली के अनुसार, 30 अक्तूबर 2025 को उसने बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद ससुराल वालों ने बच्ची को उससे अलग कर लिया। इसके बाद दो जून 2026 को उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि उसका स्त्रीधन भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिया। इसके बाद वह किसी तरह दिल्ली से ट्रेन के जरिए अपने मायके पहुंची।
पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर अपनी बच्ची को वापस दिलाने, स्त्रीधन लौटवाने और भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह 30 हजार रुपये दिलाए जाने की मांग की है।थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति राहुल, ससुर सत्येंद्र पाल, देवर अमित ध्रुव, प्रीति पत्नी राहुल समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



