डीएम-एसएसपी ने बूथों का किया निरीक्षण

पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने को 17 व 24 अक्टूबर को विशेष अभियान,निरीक्षण में बीएलओ को मिले निर्देश

जसवंतनगर,इटावा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को डीएम शुभ्रान्त शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव ने जसवंतनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में बनाए गए बूथ संख्या 75, 76 और 77 का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों पर चल रही मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति,फॉर्म-6 की उपलब्धता और नए मतदाताओं के पंजीकरण से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बीएलओ को आवेदन प्राप्त करने के साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच और प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए।

आयोग के निर्देश

निर्वाचन आयोग के अनुसार विशेष अभियान के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदक का भारतीय नागरिक होना, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास करना और निर्धारित आयु संबंधी पात्रता पूरी करना आवश्यक है। आवेदन के साथ आयु और निवास के प्रमाण से संबंधित निर्धारित दस्तावेज तथा पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध करानी होगी। विशेष कैंप सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक लगाए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार और जिम्मेदारी से जुड़ा है। बीएलओ को निर्देशित किया गया कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाया जाए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह,नायब तहसीलदार नेहा सचान और थानाध्यक्ष कमल भाटी समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button