विशेष कैंपों के जरिए छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने की अपील, 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर होगी विशेष व्यवस्था

मऊ।जिला प्रशासन आगामी विधानसभा चुनावों और मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ना रहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस विशेष अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल एजेंटों (BLA) से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।

घर-घर जाकर होगा सत्यापन और नए नाम जुड़ेंगे

बैठक में जानकारी दी गई कि जिन मतदाताओं को बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा पूर्व में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक या डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित किया गया था, उनकी वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए अब घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान यदि ऐसे व्यक्ति पात्र पाए जाते हैं, जिनका नाम सूची में नहीं है, तो उनका नाम फॉर्म-6 के माध्यम से तुरंत जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, पुनरीक्षण प्रक्रिया में जिन लोगों के नाम गलती से छूट गए हैं, उन्हें भी दोबारा सूची में शामिल किया जाएगा।

17 एवं 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

अभियान को गति देने के लिए 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को जनपद के प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बीएलओ घर-घर जाकर भी छूटे हुए मतदाताओं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के फॉर्म-6 भरवाएंगे।

महिलाओं और युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस

जिला प्रशासन ने विशेष रूप से उन महिलाओं के नाम सूची में जोड़ने पर जोर दिया है जो विवाह के बाद नए क्षेत्र में आई हैं, तथा उन युवाओं को जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा, रात्रि आश्रय स्थलों, लेबर कॉलोनियों और आश्रयहीन बेसहारा व्यक्तियों के लिए भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे ताकि समाज के हर वर्ग को जोड़ा जा सके।

वर्ष 2003 की बाध्यता समाप्त, प्रक्रिया हुई आसान

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को यह भी बताया गया कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए पहले वर्ष 2003 की मतदाता सूची से जुड़ी जो जटिलताएं या बाध्यताएं थीं, उन्हें अब समाप्त कर दिया गया है। अब कोई भी पात्र व्यक्ति आसानी से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकता है।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बीएलए को सक्रिय करें ताकि 17 और 24 अक्टूबर को लगने वाले कैंपों में अधिक से अधिक लोगों को बूथ तक लाकर उनका फॉर्म भरवाया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी तथा भाजपा, सपा, कांग्रेस, आप और कम्युनिस्ट पार्टी सहित विभिन्न दलों के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button