तैयार हो जाइए एक और सनसनी के लिए! 15 साल बाद पर्दे पर आ रही है ‘द डर्टी पिक्चर 2’, जानिए किसकी जिंदगी पर बनेगी फिल्म

The Dirty Picture 2: बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन की सबसे चर्चित और कल्ट फिल्मों में शुमार ‘द डर्टी पिक्चर’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। साल 2011 में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने वाली इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का अब दूसरा पार्ट बनने जा रहा है। फिल्म की मशहूर निर्माता एकता कपूर ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि वह ‘द डर्टी पिक्चर 2’ लेकर आ रही हैं। एकता कपूर लंबे वक्त से इस सीक्वल पर काम करने की योजना बना रही थीं, लेकिन वह किसी हड़बड़ी के बजाय एक दमदार और संतोषजनक स्क्रिप्ट मिलने का इंतजार कर रही थीं।
एक बातचीत के दौरान एकता कपूर ने खुलासा किया कि उनके दिमाग में काफी समय से इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने का विचार चल रहा था। अब जाकर उनके हाथ ऐसी मजबूत कहानी लगी है, जिसे पूरे विश्वास के साथ बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने पेश किया जा सकता है। इसे अपने करियर की सबसे अहम फिल्मों में से एक बताते हुए एकता ने कहा कि वह करीब 15 साल के लंबे अंतराल के बाद इस प्रोजेक्ट को फ्लोर पर ले जाने की तैयारी में हैं। हालांकि, उन्होंने सीक्वल की पूरी कहानी या स्टारकास्ट से पर्दा नहीं उठाया है, लेकिन यह साफ कर दिया है कि यह भाग भी किसी एक शख्सियत के जीवन के इर्द-गिर्द बुना जाएगा।
ओटीटी की ये हॉरर सीरीज उड़ा देगी रातों की नींद, अकेले देखने की भूल बिल्कुल न करें
2011 में रिलीज हुआ था पार्ट वन
आपको बता दें कि 2011 में रिलीज हुई ‘द डर्टी पिक्चर’ में विद्या बालन ने साउथ की मशहूर अभिनेत्री सिल्क स्मिता के जीवन से प्रेरित ‘रेशमा उर्फ सिल्क’ का बेबाक किरदार निभाया था, जिसके लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया था। फिल्म में उनके साथ इमरान हाशमी, नसीरुद्दीन शाह और तुषार कपूर ने भी यादगार अभिनय किया था। सीक्वल में मुख्य भूमिका कौन निभाएगा, निर्देशन की कमान किसके हाथों में होगी और यह फिल्म सिनेमाघरों में कब दस्तक देगी, इन तमाम सवालों के आधिकारिक जवाब आने अभी बाकी हैं।



