शहर में त्योहारों से पहले जगमगाहट की तैयारी, 60.68 लाख से लगेंगी एलईडी लाइटें

सुल्तानपुर। आगामी नवरात्रि, दशहरा और दुर्गापूजा को लेकर नगर पालिका ने शहर को सजाने-संवारने की तैयारी तेज कर दी है। गोलाघाट पुल से आजाद पार्क होते हुए पयागीपुर चौराहे तक डिवाइडर पर लगे विद्युत पोलों को डिजाइनर ब्रैकेट और एलईडी लाइटों से सजाने के बाद अब आजाद पार्क से अमहट चौराहे तक रोशनी का नया काम शुरू कराया गया है।नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने मेडिकल कॉलेज/जिला अस्पताल तिराहे पर विधिवत पूजन-अर्चन कर विद्युत पोल, डबल ब्रैकेट और दोनों तरफ एलईडी लाइट लगाने के कार्य का शुभारंभ किया।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नगर को भव्य और सुंदर बनाने के साथ आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी हाईमास्ट लाइट, खराब प्रकाश बिंदुओं और खाली खंभों पर भी मरम्मत व नई लाइट लगाने का काम कराया जा रहा है।नगर पालिका के अनुसार करीब 60.68 लाख रुपये की लागत से विद्युत पोल और डबल ब्रैकेट युक्त दोनों तरफ एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। पहले चरण में आजाद पार्क से मालगोदाम चौराहे तक और दूसरे चरण में गभड़िया से अमहट तक काम कराया जाएगा। पालिका का दावा है कि आगामी त्योहारों से पहले कार्य पूरा करा लिया जाएगा।पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगरवासियों से किए गए वादों को पूरा करते हुए शहर को व्यवस्थित,आकर्षक और बेहतर प्रकाश व्यवस्था वाला बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर सभासद दिनेश चौरसिया, रमेश सिंह टिन्नू और मार्ग प्रकाश प्रभारी अजय कुमार तिवारी समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे।



