हज 2027 की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री से मिले हज समिति सदस्य कामरान खान

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में हज 2027 की तैयारियों और हाजियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रदेश सरकार ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्य कामरान खान ने अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हज 2027 की तैयारियों, यात्रा व्यवस्था और प्रदेश से हज पर जाने वाले जायरीनों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हज यात्रियों की सुविधा, यात्रा व्यवस्था को सुगम बनाने और हज से जुड़ी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। हाजियों की अपेक्षाओं और उनकी सुविधा से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए। इस बात पर चर्चा हुई कि हज यात्रा के दौरान जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
राज्य हज समिति के सदस्य कामरान खान ने कहा कि हज यात्रा लाखों लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ी है। ऐसे में हाजियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सेवा और सहयोग का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि हज 2027 के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात प्रदेश के उन तमाम जायरीनों की सुविधाओं से जुड़ी है, जो हज 2027 की तैयारी कर रहे हैं। यात्रा से पहले और यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
हज 2027 की तैयारियों को लेकर हुई इस मुलाकात से प्रदेश के हज यात्रियों में बेहतर और व्यवस्थित सुविधाओं की उम्मीद जगी है। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि हज यात्रियों के लिए यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।



