राजनीति का उद्देश्य सरकार बनाना नहीं, देश का निर्माण होना चाहिए : राजनाथ सिंह

सेवा संकल्प अभियान के तहत घंटाघर रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम, सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं देशसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवा और नागरिक मौजूद रहे।

रामलीला मैदान पहुंचने पर विद्यालय की छात्राओं ने बैंड वादन के साथ रक्षा मंत्री का स्वागत किया। मंच पर पहुंचने के बाद राजनाथ सिंह ने उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लोगों ने सुना।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि देश का निर्माण करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ देश की सेवा की है और राजनीति को देश निर्माण का माध्यम बनाकर दिखाया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि वह नरेंद्र मोदी को वर्ष 2001 से जानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्य से कभी विराम नहीं लिया और देशसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव में बड़ा बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज दुनिया भारत की बात को गंभीरता से सुनती है और भारत का रुख जानना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बात की चिंता नहीं की कि दुनिया नाराज होगी या नहीं, बल्कि देश को लगातार आगे बढ़ाने को प्राथमिकता दी।

सेवा ज्योति मशाल के साथ यात्रा का शुभारंभ

कार्यक्रम के बाद सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किया गया। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाथ में सेवा ज्योति की मशाल लेकर सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान युवाओं और नागरिकों में खासा उत्साह दिखाई दिया और बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में सहभागिता की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी और डॉ. मंजू सिवाच, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button