एक बाइक पर सवार चार युवतियां
यातायात नियमों की खुलेआम युवतियां उड़ा रहीं धज्जियां

जसवंतनगर,इटावा। यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस और यातायात पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। राजमार्ग, नगर मार्ग और लिंक मार्गों पर बाइक सवारों को हेलमेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नाबालिगों के बाइक चलाने पर उनके परिजनों को बुलाकर हिदायत भी दी जाती है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
सोमवार दोपहर मॉडल तहसील के पास राजमार्ग पर यातायात नियमों की अनदेखी का ऐसा ही नजारा देखने को मिला। एक बाइक पर चार युवतियां सवार होकर बिना हेलमेट के राजमार्ग पर फर्राटा भरती नजर आईं। बाइक पर क्षमता से अधिक सवारी होने के साथ ही किसी के सिर पर हेलमेट नहीं था।
राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच इस तरह बाइक पर चार लोगों का सफर करना हादसे को न्योता देने जैसा है। खास बात यह है कि पुलिस और यातायात विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। यह घटना यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता की कमी को भी उजागर करती है। ऐसे में पुलिस की ओर से चेकिंग के साथ लोगों को नियमों के प्रति और गंभीरता से जागरूक किए जाने की जरूरत है।



