अनधिकृत एम्बुलेंस पर परिवहन विभाग की सख्ती, 26 के चालान, छह वाहन सीज

गाजियाबाद। अनधिकृत और नियम विरुद्ध संचालित एम्बुलेंस वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सोमवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न अस्पतालों, निजी चिकित्सा संस्थानों और प्रमुख मार्गों पर एम्बुलेंस वाहनों की सघन जांच की गई।

जांच के दौरान वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, बीमा, परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 एम्बुलेंस वाहनों के चालान किए, जबकि अनियमित और नियम विरुद्ध संचालित पाए गए छह एम्बुलेंस वाहनों को सीज कर दिया।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के स्वामित्व अथवा अनुबंध पर चलने वाली एम्बुलेंस के दस्तावेजों और निर्धारित मानकों की भी जांच की जा रही है। बिना वैध अनुमति या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एआरटीओ प्रवर्तन विनीत कुमार मिश्र ने कहा कि एम्बुलेंस आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहन हैं। इनके संचालन में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button