मैस में खाना खाकर एसपी सिटी ने परखी गुणवत्ता

औचक निरीक्षण में जर्जर भवन का लिया जायजा, हटाने के प्रस्ताव तैयार कराने के दिए निर्देश

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली में सोमवार देर शाम एसपी सिटी बबीता सिंह ने थाना जसवंतनगर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिसकर्मियों से जुड़ी सुविधाओं और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानक एसपी सिटी के पहुंचने से थाना परिसर में पुलिसकर्मियों में सक्रियता बढ़ गई।
एसपी सिटी ने सबसे पहले थाने की मैस का निरीक्षण किया। उन्होंने मैस में तैयार भोजन को स्वयं खाकर उसकी गुणवत्ता परखी। भोजन की गुणवत्ता और मैस में साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए। इसके बाद सीसीटीएनएस कक्ष, महिला शक्ति केंद्र समेत थाने के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर अभिलेखों और व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।

थाना परिसर में जहां भी सफाई व्यवस्था में कमी मिली, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को परिसर को स्वच्छ रखने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने थाने की पुरानी और जर्जर हो चुकी बिल्डिंग का भी जायजा लिया। उन्होंने भवन की स्थिति देखने के बाद जर्जर भवन को हटाने के लिए आवश्यक प्रपत्र और प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि थाने आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका नियमानुसार निस्तारण कराएं। इस दौरान थाना प्रभारी कमल भाटी, उप निरीक्षक ललित चतुर्वेदी, शुभम वर्मा, शिवशंकर सिंह,अनूप पांडे, हेमंत कुमार समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button