मोदीनगर फैक्ट्री से 150 सिल्वर रॉड चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद। मोदीनगर में मोदी टेलीफाइबर लिमिटेड के मोदी थ्रेड डिविजन से चोरी हुई 150 सिल्वर स्पेंडल रॉड का पुलिस ने अगले ही दिन खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की सभी 150 रॉड बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को फैक्ट्री से रॉड चोरी होने की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर थाना मोदीनगर में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मोदीनगर क्षेत्र से सागर तोमर पुत्र रामवीर सिंह निवासी जगतपुरी और भानु उपाध्याय पुत्र अनिल उपाध्याय निवासी देवेंद्रपुरी को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी का पूरा माल बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 150 पीस लोहा-सिल्वर (एल्युमिनियम) रॉड बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई रॉड के ऊपर लोहे की कैप लगी हुई थी। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता और चोरी की पूरी घटना के तरीके का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button