आंधी में गिरी 11 केवी विद्युत लाइन 12 दिनों में नहीं सुधरी

किसानों की फसलें सूखने लगीं,धरवार में नलकूपों-घरों की बिजली ठप,विभाग पर लापरवाही का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम धरवार में 33/11 केवी फीडर बलरई से निजी नलकूपों को जाने झबरा पुरा होते हुए धरवार गाँव के किसानों के निजी नलकूपों को जाने वाली 11 केवी विजली लाइन और ट्रांसफार्मर पिछले दिनों आई तेज आंधी में क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गए थे। घटना के लगभग 12 दिन बीत जाने के बावजूद विजली विभाग द्वारा मरम्मत कार्य नहीं कराए जाने से किसानों और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार निजी नलकूप स्वामी प्रेम बाबू पांडेय, बंगाली बाबू पांडेय, राजाराम, नरेश पांडेय, राम सिंह, राम नरेश, रामदास, टेकचंद्र और सत्य प्रकाश सहित एक ईंट भट्ठा, एक मोबाइल टावर तथा विश्राम नगर मोहल्ले के करीब 8 से 10 घरों की बिजली आपूर्ति पिछले 10 से 12 दिनों से बाधित है।बिजली न मिलने से किसानों की जायद की मूंग, उड़द और मक्का की फसलें सूखने लगी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने विभाग के अधिकारियों को कई बार सूचना दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

इस संबंध में उपखंड अधिकारी आनंद पाल सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया कि शनिवार को ठेकेदार के माध्यम से लाइन की मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button