पार्टी नीति के खिलाफ कार्य वालों पर होगी कार्रवाई: महासचिव

कार्यकर्ताओं ने पालिका की समस्याएं गिनाईं,अध्यक्ष की शिकायतें

जसवंतनगर,इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव रविवार शाम जैन मोहल्ला पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर नगर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विधायक के सामने रखते हुए इनके समाधान में लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया। साथ ही पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार की शिकायत की। हालांकि,इस दौरान पालिका अध्यक्ष मौके पर मौजूद नहीं थे।

शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और संगठन के अनुरूप कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को मनमानी या तानाशाही का रवैया नहीं अपनाना चाहिए। यदि कोई कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों के विपरीत कार्य करता है तो उसके खिलाफ संगठन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उसे पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखाया जाएगा।

इसके बाद विधायक ने नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचकर मुनि श्री 108 भाव सागर महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मुनि महाराज के प्रवचन भी सुने।

इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव,सपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता,विधायक प्रतिनिधि ठा.अजेंद्र सिंह गौर,विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ सोनू यादव, सुभाष गुप्ता,गोपाल गुप्ता,मोहित जैन, आशीष,नीरज,अंकित समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button