भूमि पूजन: रामलीला महोत्सव की तैयारियां हुईं शुरू
अक्टूबर 8 को शंकर की भव्य बारात के साथ 9 की शाम से लीलाओं का मंचन होगा शुरू

भरथना,इटावा। भूमि पूजन के साथ 128वें श्री रामलीला महोत्सव की तैयारियों की शुरूआत हो गयी। कार्यक्रम को और अधिक भव्य व ऐतिहासिक बनाने के लिए कमेटी के पदाधिकारी तैयारियों में जुट गये। आगामी 8 अक्टूबर को श्री शंकर बारात के साथ 9 अक्टूबर से मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन मिडिल स्कूल प्रांगण (जवाहर रोड) पर ही किया जायेगा।
श्री रामलीला कमेटी (रजि.) भरथना के तत्वाधान् में आयोजित होने वाले 128वें श्री रामलीला महोत्सव की तैयारियों का शुक्रवार को भूमि पूजन के साथ शुभारम्भ हो गया। समिति संरक्षक हरिओम यादव ने अन्य संरक्षक विनोद यादव,सत्यप्रकाश यादव राजा,विपिन यादव, दीपक यादव,अरविन्द भदौरिया,के.के.यादव आदि के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन किया।
कमेटी के अध्यक्ष रोहित यादव, महामंत्री गणेश कौशल, कोषाध्यक्ष नीलेश त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से बताया कि आगामी 8 अक्टूबर को श्री शंकर बारात के नगर भ्रमण उपरान्त 9 अक्टूबर से मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की समस्त लीलाओं का मंचन कस्बा के मुहल्ला जवाहर रोड स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में ही किया जायेगा। साथ ही आगामी 13 अक्टूबर को भगवान श्रीराम की बारात नगर भ्रमण हेतु निकाली जायेगी। पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को और अधिक भव्य व ऐतिहासिक बनाने के लिए कमेटी के पदाधिकारी जुट गये हैं। भूमि पूजन के दौरान रामकृष्ण शर्मा,गिरीश शुक्ला,कमलेश यादव, विनोद पटेल,रजत कठेरिया,प्रताप यादव, अवधेश सविता आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।


