सुरक्षा देखने सड़क पर निकली दो लेडी सिंघम

नवागत एसपी सिटी बबीता सिंह,सीओ आयुषी सिंह ने पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

जसवंतनगर,इटावा। बुधवार देर शाम नवागत एसपी सिटी बबीता सिंह ने सीओ आयुषी सिंह के साथ पहली बार नगर में पैदल गश्त की। दोनों महिला अधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ प्रमुख बाजारों और मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा नजर आया।

एसपी सिटी ने आमजन से संवाद कर नगर की व्यवस्थाओं और प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लुधपुरा तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के संबंध में जानकारी लेते हुए नगर की निगरानी व्यवस्था को भी परखा। बाजार क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और आमजन की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लेने के साथ उन्होंने सीओ और थानाध्यक्ष से नगर की भौगोलिक स्थिति,प्रमुख बाजारों और सराफा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

गश्त के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने एसपी सिटी से मुलाकात कर उनका स्वागत किया। उन्होंने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल की सराहना करते हुए सीओ आयुषी सिंह और थानाध्यक्ष कमल भाटी के कार्यों की जानकारी दी।

एसपी सिटी बबीता सिंह ने कहा कि पैदल गश्त का उद्देश्य नगर और क्षेत्र की स्थिति का आकलन करना है। पुलिस द्वारा समय-समय पर इस तरह गश्त की जाती है,जिससे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे।

इस दौरान सीओ आयुषी सिंह,थानाध्यक्ष कमल भाटी,कस्बा इंचार्ज हेमंत कुमार सहित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button