सीएचसी में हुई चिकित्सकों की तैनाती, मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर सीएचसी में अधीक्षक सहित तीन चिकित्सकों की तैनाती होने से अब क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए महराजगंज के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब लोगों को चंदापुर में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

बताते चलें कि चंदापुर राजा कौशलेंद्र सिंह की पहल पर चंदापुर में सीएचसी की स्थापना हुई, भवन निर्माण के बाद सीएमओ के निर्देश पर विगत फरवरी 2026 से तत्कालीन सीएचसी महराजगंज के अधीक्षक डॉ गणनायक पांडे द्वारा सीएचसी के चिकित्सकों से एक-एक दिन चंदापुर सीएचसी में ओपीडी की शुरुआत की गई। लेकिन सीएचसी पर चिकित्सकों की तैनाती न होने से क्षेत्र के मरीजों को सीएचसी महराजगंज के चक्कर लगाने ही पड़ते थे। जिसके लिए डॉ गणनायक पांडे ने पत्राचार करते हुए सीएचसी में चिकित्सकों की तैनाती की मांग की थी। जिसको देखते हुए सीएमओ ने महराजगंज सीएचसी में तैनात रहे डॉ अनिल भारद्वाज को सीएचसी चंदापुर का अधीक्षक व डॉ कुशा मलिक को महिला चिकित्सक तथा शिवगढ़ में तैनात रहे डॉ प्रदीप कुमार गुप्ता की चिकित्सक के रूप में तैनाती की है।

इससे पूर्व टेक्नीशियन के तौर पर राजदीप व सविता तथा फार्मासिस्ट के तौर पर आशुतोष मिश्रा व हरिश्चंद्र तिवारी की तैनाती की गई थी। सीएचसी पर राम सुमिरन व सुमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भी तैनाती की गई थी। वहीं सीएचसी महराजगंज की दंत चिकित्सक डॉ सहीफा बेगम व नेत्र रोगियों के लिए मनोज सप्ताह में दो दिन बुधवार व शनिवार चंदापुर सीएचसी में मरीजों का इलाज करेंगे। चंदापुर सीएचसी में चिकित्सकों की तैनाती होने से अमेठी सीमा से जुड़े दर्जनों गांवों के मरीजों को अब इलाज के लिए 12-15किमी दूर महराजगंज या तिलोई नहीं जाना पड़ेगा।अब चंदापुर में ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

Related Articles

Back to top button