मेरठ रोड तिराहे का होगा कायाकल्प, फ्लाईओवर के नीचे बनेंगे दो आकर्षक जंक्शन

गाजियाबाद। शहर के प्रमुख मेरठ रोड तिराहे को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेज कर दिया है। फ्लाईओवर के नीचे करीब 2431 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में दो जंक्शन विकसित किए जा रहे हैं। एक जंक्शन पर 25 फीट ऊंचा विशाल त्रिशूल स्थापित किया गया है, जबकि दूसरे जंक्शन को भगवान शिव की पेंटिंग और शिवशक्ति के स्वरूप से सजाया जा रहा है।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में कराए जा रहे इस कार्य का उद्देश्य प्रमुख मार्ग को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ धूल एवं अव्यवस्था को कम करना है। मेरठ रोड तिराहा मेरठ, दिल्ली, गाजियाबाद, आनंद विहार और अप्सरा बॉर्डर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।
नगर आयुक्त के अनुसार विजयनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब 831 वर्ग मीटर में जंक्शन नंबर-एक विकसित किया जा रहा है। यहां लोगों के बैठने के लिए बेंच, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और ग्रिल लगाई जा रही हैं। धूल रोकने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई गई हैं।
वहीं मेरठ से गाजियाबाद शहर, आनंद विहार और अप्सरा बॉर्डर की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब 1600 वर्ग मीटर में जंक्शन नंबर-दो तैयार किया जा रहा है। यहां शिवशक्ति का स्वरूप बनाया गया है और भगवान शंकर की पेंटिंग का कार्य भी कराया जा रहा है। इस मार्ग से भगवान दूधेश्वरनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए धार्मिक थीम पर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
जंक्शन पर स्थापित 25 फीट ऊंचा त्रिशूल राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रात में इसे रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। दोनों जंक्शनों पर ग्रिल, इंटरलॉकिंग टाइल्स, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की सुविधा विकसित की जा रही है।
नगर निगम के अनुसार दोनों जंक्शनों के विकास और सौंदर्यीकरण पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे दोनों स्थान लंबे समय से अव्यवस्थित थे। वाहनों की आवाजाही के कारण धूल उड़ने से लोगों को परेशानी होती थी। अब क्षेत्र को व्यवस्थित और धूलमुक्त बनाने के लिए निर्माण विभाग की टीम कार्य कर रही है।



