स्नातक मतदाता सूची में कथित अनियमितता का आरोप, सपा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद। मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में कथित अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता पंजीकरण के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सपा जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन एडवोकेट और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट के नेतृत्व में दिया गया।

सपा नेताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा स्नातक और गैर-स्नातक मतदाताओं के दस्तावेज तैयार कर नियमों के विपरीत मतदाता पंजीकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित नियमों और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों का हवाला देते हुए मामले की जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से स्नातक उत्तीर्ण लोगों के दस्तावेज उनकी सहमति या जानकारी के बिना प्राप्त कर कथित रूप से इस्तेमाल किए गए। सपा ने संबंधित शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।

पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से निर्वाचक नामावली में दर्ज आवेदनों और दस्तावेजों का सत्यापन कराने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।

Related Articles

Back to top button