ताखा तहसील में फर्जी वकीलों पर बड़ी कार्रवाई
ताखा ऊसराहार प्रशासन ने फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है

ऊसराहार थाना क्षेत्र की ताखा तहसील में काले कोट पहनकर वकीलों का रूप धारण करने वाले फर्जी लोगों पर ताखा उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा का डंडा चला है। उपजिलाधिकारी ने खुद तहसील परिसर में छापेमारी की और उन लोगों को वहां से खदेड़ दिया,जो बिना किसी वकालत की डिग्री या रजिस्ट्रेशन के आम जनता को ठग रहे थे।
ऊसराहार,इटावा। ताखा तहसील परिसर में पिछले काफी समय से इस बात की शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग बिना किसी कानूनी डिग्री एल एल बी या बार काउंसिल के रजिस्ट्रेशन के,वकीलों की पोशाक पहनकर बैठ रहे हैं।
ये लोग खुद को वकील बताकर दूर-दराज से आने वाले सीधे-साधे ग्रामीणों और फरियादियों से मोटी रकम वसूल रहे थे और उन्हें गलत कानूनी सलाह देकर गुमराह कर रहे थे।
मंगलवार को जैसे ही उपजिलाधिकारी को इसकी पुख्ता जानकारी मिली,उन्होंने बिना कोई वक्त गंवाए पुलिस प्रशासन के साथ तहसील परिसर में औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से तहसील में हड़कंप मच गया। जो लोग बिना लाइसेंस के वकीलों का रूप लेकर तख्त और कुर्सियां डालकर बैठे थे, उनसे जब बार काउंसिल का रजिस्ट्रेशन कार्ड या दस्तावेज मांगे गए,तो वे बगले झांकने लगे।
फर्जी लोगों की कुर्सियों और मेज को वहां से हटवा दिया गया और उन्हें सख्त हिदायत देकर परिसर से बाहर खदेड़ा गया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अगर ये लोग दोबारा तहसील परिसर के आस-पास भटकते या फर्जीवाड़ा करते दिखे,तो इनके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
फिलहाल तहसील परिसर को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
वही ताखा के उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि जो वकील नहीं है और लोगों को ठगने के लिए वकील का रूप लेकर तहसील ने बैठे थे उनके उनके खिलाफ कार्यवाही की गई तखत और डब्बे जप्त कर लिये गए है और बाकी लोगों पर कार्रवाई शुरू होते ही तहसील से भाग गए।
इस पूरी जानकारी के लिए,तो साफ तौर पर प्रशासन का यह संदेश है कि जनता के साथ किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



