70 वर्षीय वृद्धा ने प्लॉट विवाद में मारपीट और धमकी का लगाया आरोप

पुलिस आयुक्त से शिकायत कर जांच, कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की लगाई गुहार

गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के न्यू हिंडन विहार, अर्थला निवासी 70 वर्षीय सुल्ताना ने पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाजियाबाद को प्रार्थना पत्र देकर प्लॉट विवाद में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। वृद्धा ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही अपनी और अपने देवर की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस आयुक्त को दिए शिकायती पत्र में सुल्ताना ने बताया कि उनके पति मुख्तार अहमद का 3 सितंबर 2026 को निधन हो चुका है। उनकी कोई संतान नहीं है और पति की मृत्यु के बाद वह अकेली रह रही हैं। उनके मुताबिक, उनके पति ने सुंदरपुरी निवासी पंकज कुमार पुत्र ओम प्रकाश से 55 वर्ग गज का एक प्लॉट खरीदा था। वृद्धा का कहना है कि उक्त प्लॉट के अलावा उनके पास रहने के लिए कोई अन्य मकान नहीं है।

शिकायत के अनुसार, उन्होंने अपने देवर शकील से प्लॉट पर एक कमरा बनवाने के लिए कहा था। आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान उनकी बहन रजिया अपने पुत्रों गुलजार, रिजवान और अजमुतुल्ला के साथ मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य रुकवा दिया।

सुल्ताना का आरोप है कि रजिया ने प्लॉट पर अपना अधिकार बताते हुए विवाद किया और इसी दौरान उनके देवर शकील के साथ मारपीट की गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। वृद्धा ने यह भी आरोप लगाया कि रजिया पक्ष कुछ कथित दस्तावेजों के आधार पर प्लॉट पर अपना अधिकार जता रहा है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, रजिया और उनके पुत्रों ने उन्हें तथा उनके देवर को प्लॉट खाली करने की धमकी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही। इसके चलते उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है।

वृद्धा ने पुलिस आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मारपीट, गाली-गलौज एवं धमकी के आरोपों में उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा प्लॉट से संबंधित कथित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी और अपने देवर शकील की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

Related Articles

Back to top button