न्यायिक प्रक्रिया में हो रही देरी व एसडीएम की कार्यशैली के खिलाफ अधिवक्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

महराजगंज, रायबरेली।एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की कार्यशैली और न्यायिक प्रक्रिया में हो रही देरी के खिलाफ अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए तहसील परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान आक्रोशित अधिवक्ताओं ने एसडीएम हटाओ , महराजगंज बचाओ के नारे लगाए, जिससे पूरा तहसील परिसर गूंज उठा।
गुरुवार को वरिष्ठ अधिवक्ता धीरेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में महराजगंज व तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की संयुक्त बैठक में एसडीएम की कार्यशैली पर आक्रोश व्यक्त करते हुए दोनों बारों के अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से दो दिवसीय धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया।प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का मुख्य आरोप है कि तहसील न्यायालय में लंबे समय से न्यायिक कार्य प्रभावित है।
विवादित हो या अविवादित, किसी भी प्रकार की पत्रावलियों में समय पर अंतिम आदेश पारित नहीं किया जा रहा है। बार-बार तारीखें लगने से वादकारियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।अधिवक्ताओं ने बताया कि उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-38, धारा-76 और धारा-80 (कृषि भूमि को अकृषक घोषित करने) से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण मामले महीनों से लंबित पड़े हैं। इनका समयबद्ध निस्तारण न होने के कारण आम जनता के साथ-साथ अधिवक्ताओं को भी भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही लंबित पत्रावलियों के निस्तारण की प्रक्रिया में सुधार नहीं हुआ और अंतिम आदेश पारित नहीं किए गए, तो वे आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान महराजगंज बार एसोसिएशन एवं तहसील बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने एक स्वर में एसडीएम हटाओ की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यासागर अवस्थी, सुरेन्द्र श्रीवास्तव, मनीष तिवारी, नागेन्द्र सिंह, वैभव सिंह, दुष्यंत शुक्ल, सतीश चन्द्र द्विवेदी सहित सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।



