हिंदू विद्यालय की टीम ने तीन वर्गों में मारी बाजी

जनपदीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता में सीनियर बालक,जूनियर बालिका व सब जूनियर बालक वर्ग में जीता खिताब

जसवंतनगर,इटावा। हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज जसवंतनगर में आयोजित जनपदीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता में मेजबान हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में सीनियर बालक,जूनियर बालिका और सब जूनियर बालक वर्ग में हिंदू विद्यालय की टीम विजेता रही। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज धनुआ की टीम ने बाजी मारी।

हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने बताया कि सीनियर बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में हिंदू विद्यालय की टीम ने मुलायम सिंह इंटर कॉलेज रायनगर की टीम को 25-15 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। सीनियर बालिका वर्ग में धनुआ की टीम ने हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज को 24-14 से पराजित किया।

जूनियर बालिका वर्ग में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की टीम ने धनुआ की टीम को 25-15 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सब जूनियर बालक वर्ग में हिंदू विद्यालय की टीम ने प्राथमिक विद्यालय बलैयापुर की टीम को 25-12 से शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के कौशलेंद्र यादव और श्याम प्रताप सिंह ने निभाई। इस दौरान हिमांशु यादव, धर्मेंद्र यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से मंडलीय प्रतियोगिता के लिए कबड्डी टीम का चयन कर लिया गया है। मंडलीय प्रतियोगिता 30 सितंबर को फर्रुखाबाद में आयोजित होगी।

Related Articles

Back to top button