बारिश में मजदूर का कच्चा मकान ढहा

गृहस्थी का सामान मलबा में दबकर हुआ नष्ट

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र में बीते दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम निलोई निवासी 50 वर्षीय मजदूर रूपलाल पुत्र स्वर्गीय गया प्रसाद का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर में मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। हालांकि मकान गिरने से पूरी गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।

रूपलाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़ा बेटा महज 15 वर्ष का है, जबकि अन्य बच्चे उससे छोटे हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार कच्चे मकान में ही रहकर गुजर-बसर कर रहा था। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

मकान की एक दीवार गिरकर पड़ोसी के मकान की ओर जा गिरी। इससे पड़ोसी के दरवाजे और सीढ़ी को भी नुकसान पहुंचा। अचानक मकान ढहने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। गृहस्थी का सामान मलबे में दबने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है।

रूपलाल ने बताया कि अब उनके पास बच्चों के साथ रहने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं है। बारिश जारी रहने पर उन्हें दूसरे के घर में शरण लेकर रात गुजारने को मजबूर होना पड़ सकता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने के साथ ही सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button