ट्रांस हिंडन जोन की कमान संभालते ही आईपीएस ऋजुल ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन जोन की कमान संभालने के बाद नवागत आईपीएस अधिकारी ऋजुल ने पुलिसिंग को जवाबदेह, संवेदनशील और जनकेंद्रित बनाने पर जोर दिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने कार्यालय में जनसुनवाई की और शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान आईपीएस ऋजुल ने प्रत्येक फरियादी से शिकायत की पूरी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित मामलों में अब तक पुलिस स्तर से की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। शिकायतों की प्रकृति, संबंधित थाना क्षेत्र और पूर्व में हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत दर्ज कर केवल कागजी कार्रवाई पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
नवागत अधिकारी ने पुलिसकर्मियों को जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने और फरियादियों को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद से ही लोगों का विश्वास मजबूत होगा।



