पुराने डीजल-पेट्रोल वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 85 वाहन पकड़े

गाजियाबाद। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने जिले में पुराने डीजल और पेट्रोल वाहनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। अभियान के दौरान विभाग की टीम ने तय आयु सीमा पूरी कर चुके 85 वाहनों को पकड़ा। सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) विनीत कुमार मिश्र ने बताया कि जिले में पुराने वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। अभियान के तहत 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों की जांच की जा रही है। निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के सड़क पर संचालन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य पुराने वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करना और एनजीटी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना है। विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।

एआरटीओ प्रवर्तन ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की आयु सीमा और दस्तावेजों की समय रहते जांच कर लें। निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहनों को सड़क पर न चलाएं, अन्यथा कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि पुराने वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने वाहन मालिकों और आम लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के साथ यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button