ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार छात्रा घायल
नवनिर्मित मलाजनी ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को मलाजनी गांव के पास नव निर्मित ओवरब्रिज के समीप ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार कक्षा 11 की छात्रा घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घायल छात्रा को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे सैफई रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे आगरा के निजी अस्पताल ले गए।
नगला हरचंद गांव निवासी नीरज कुमार की 16 वर्षीय बेटी अनुप्रिया जसवंतनगर स्थित जीजीआईसी में कक्षा 11 में पढ़ती है। बुधवार को स्कूल से पढ़ाई कर छुट्टी होने के बाद साइकिल से घर लौट रही थी। जैसे ही वह मलाजनी गांव के पास बन रहे ओवरब्रिज के समीप पहुंची, तभी आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छात्रा सड़क पर गिरकर घायल हो गई।
सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने एंबुलेंस के ईएमटी धीरेन्द्र सिंह की मदद से छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया। परिजन छात्रा को आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार करा रहे हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।



