टूटी पुलिया पर बंबा में पलटी कार
कचौरा रोड पर हुआ हादसा झाड़ियों के कारण संकरी पुलिया नहीं दिखी

जसवंतनगर,इटावा। राजस्थान और मध्यप्रदेश को इटावा से आगरा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कचौरा रोड पर कोकावली गांव मोड़ के पास बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। टूटी पुलिया के कारण बंबा में कार पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
आईटीआई चौराहा निवासी 30 वर्षीय कमल अपने बहनोई 44 वर्षीय मदन सिंह के साथ गांव श्यामनगर में राजीव फौजी के घर हुई मौत में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। कोकावली मोड़ के पास सड़क की टूटी और संकरी पुलिया के आसपास झाड़ियां खड़ी होने से पुलिया दिखाई नहीं दी। इसी दौरान सामने से सिलिंडर लादकर आ रहे दो नाबालिग किशोर बाइक सवार लहराते हुए सामने आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में कमल ने कार को मोड़ा,जिससे कार अनियंत्रित होकर बंबा में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ पहुंचे और हाइड्रा की मदद से बंबा में पड़ी कार को बाहर निकल वाया। कार सवार दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया के टूटे होने के कारण यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।



