विद्यालय में चोरों ने उड़ाई शिक्षण व खेल सामग्री

उच्च प्राथमिक विद्यालय अंडावली में चोरी से मचा हड़कंप, प्रधानाध्यापक ने पुलिस को दी सूचना

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के अंडावली गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने धावा बोलकर खेल सामग्री, किताबें समेत अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया। विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

प्रधानाध्यापक के अनुसार विद्यालय में रखी खेल सामग्री, किताबें और अन्य जरूरी सामान चोर ले गए। घटना की जानकारी के बाद विद्यालय के कमरों और परिसर में रखे सामान की जांच की गई। चोरी गए सामान का विवरण जुटाया जा रहा है।

सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रधानाध्यापक से घटना की जानकारी लेने के साथ ही चोरी वाले स्थानों को भी देखा। आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।

सरकारी विद्यालय में चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विद्यालयों में रात के समय निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग उठाई है।

Related Articles

Back to top button