जीवन को संस्कार और दिशा देने का काम करती हैं सनातन परंपराएं : आनंदीबेन पटेल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के पहुंचने से बढ़ा आयोजन का राजनीतिक महत्व

जितेन्द्र यादव
संवाददाता स्टार एक्सप्रेस
ऊँचाहार, रायबरेली। शिवमहापुराण कथा के चौथे दिन सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के पहुंचने से आयोजन का राजनीतिक महत्व भी बढ़ गया। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला भी कथा में शामिल हुए। पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखरबिंद से कथा सुनने के लिए आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंचे।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सनातन संस्कारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है। सनातन परंपराएं जीवन को संस्कार और दिशा देने का काम करती हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मनोज पांडेय को राजनीति का वरिष्ठ और अनुभवी नेता बताते हुए कहा कि ऊंचाहार में इतने बड़े आयोजन के पीछे उनकी क्षेत्र से गहरी आत्मीयता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है।
उन्होंने ऊंचाहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों ने ऐसे लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को चुना है, जो क्षेत्र के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देते हैं। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को उन्होंने मनोज पांडेय के प्रति जनता के विश्वास और जुड़ाव का प्रमाण बताया।



