मशीन की शाफ्ट में फंसी बनियान: मिस्त्री की मौत
राइस मिल में काम करते समय हुआ हादसा, एक माह की बेटी-पत्नी को बिलखता छोड़ गया दीपक

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के गाँव नगला इन्छा स्थित संतोष एग्रो राइस मिल में सोमवार सुबह एक हादसा हो गया। मशीन पर काम कर रहे मिस्त्री की बनियान चलती मशीन की शाफ्ट में फंस गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया मिस्त्री को साथी कर्मचारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 26 वर्षीय दीपक उर्फ विक्रम पुत्र प्रेमचंद्र कश्यप निवासी लालपुर, थाना दन्नाहार, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार दीपक छह सितंबर से राइस मिल में मशीन मिस्त्री के रूप में काम कर रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे मशीन पर काम करते समय उसकी बनियान अचानक शाफ्ट में फंस गई। हादसे के बाद मिल में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने मशीन बंद कर साफ्ट से हटाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई सत्यम और सुंदरम ने बताया कि दीपक तीन भाइयों में बीच का था। उसके परिवार में पत्नी स्वाती, करीब एक माह की बेटी और मां कृष्णा देवी हैं। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होगा।



