बाइक-ट्रैक्टर की भिड़ंत में छात्र की मौत

फीस जमा कर इटावा से घर लौट रहा था आईटीआई छात्र

जसवंतनगर,इटावा । इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को मलाजनी के समीप एक ढाबा के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार आईटीआई छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि मृतक की पहचान 22 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र मुकेश शाक्य निवासी खुशहालपुर भिडोरा थाना करहल जिला मैनपुरी के रूप में हुई। प्रदीप इटावा स्थित आईटीआई कॉलेज में फीस जमा कर एडमिशन लेने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। वह अपनी बहनों और परिजनों के लिए मिठाई का डिब्बा भी लेकर जा रहा था। ढाबा के सामने पहुंचते ही उसकी बाइक में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों को सूचना देकर पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के बड़े भाई संदीप कुमार ने बताया कि प्रदीप पढ़ाई में काफी होनहार था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में एक था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

Related Articles

Back to top button