विश्व प्रसिद्ध मैदानी रामलीला का कार्यक्रम घोषित
विश्व प्रसिद्ध जसवंतनगर की रामलीला 9 अक्टूबर से शुरू होगी

जसवंतनगर,इटावा। श्री रामलीला समिति कार्यालय में रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर वर्ष 2026 की ऐतिहासिक मैदानी रामलीला के कार्यक्रम की घोषणा की गई। समिति के प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू और उप प्रबंधक अजेंद्र सिंह गौर ने बताया कि यूनेस्को द्वारा विश्व विरासत घोषित जसवंतनगर की रामलीला इस वर्ष 9 अक्टूबर से शुरू होकर 3 नवंबर तक चलेगी।
9 अक्टूबर को धनुष भंग और लक्ष्मण-परशुराम संवाद से रामलीला का शुभारंभ होगा। 10 अक्टूबर को राम बारात, 12 को राम वनवास, 13 को भरत द्वारा राम को मनाने पहुंचना, 14 को जयंत की आंख फूटना व विराध वध, 15 को सूर्पनखा की नाक-कान काटना, खर-दूषण वध और रावण-मारीच संवाद होगा। 16 अक्टूबर को मारीच वध, सीता हरण, कबन्ध वध व सुग्रीव मिलाई होगी। 17 को वाली वध, रावण-हनुमान संवाद, लंका दहन और अक्षय कुमार वध होगा।
18 अक्टूबर को सेतु बंधन, रावण-अंगद संवाद, लक्ष्मण शक्ति और कुंभकरण जगाना, 19 को युद्ध प्रदर्शन, कुंभकरण वध, नागपाश, मेघनाद वध व सती सुलोचना और 20 अक्टूबर को युद्ध प्रदर्शन, अतिकाय वध, नारायणतक वध व रावण युद्ध होगा। 21 अक्टूबर को युद्ध प्रदर्शन, अहिरावण वध और रावण वध किया जाएगा। 22 अक्टूबर को भरत मिलाप, नगर भ्रमण व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 24 अक्टूबर को राजगद्दी और मैजिक शो आयोजित होगा।
25 से 29 अक्टूबर तक वृंदावन के रंगरसिया ग्रुप की रासलीला, 30 को राजस्थान के लोकनृत्य व गरबा, 31 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और 1 नवंबर को भोजपुरी स्टार शुभी शर्मा की रंगारंग स्टार नाइट होगी। 2 व 3 नवंबर को रामलीला मैदान में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजन का समापन होगा।
प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू ने बताया कि इस वर्ष देश के अधिकांश हिस्सों में दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा, लेकिन पंचक लग्न के कारण जसवंतनगर की परंपरा के अनुसार यहां रावण वध और दशहरा पर्व 21 अक्टूबर को मनाया जाएगा। 8 अक्टूबर को श्री गणेश सेवा समिति की ओर से गणेश शोभायात्रा तथा 22 अक्टूबर की रात श्री शंकर बारात समिति की ओर से भगवान शंकर की शोभायात्रा नगर में निकाली जाएगी। प्रेस वार्ता में हीरालाल गुप्ता, राजीव माथुर, अनिल गुप्ता, विवेक पांडे, अलौकिक प्रताप सिंह और विकास यादव समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


