शिव महापुराण कथा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब ! कथा शुरू होते ही श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गए पंडाल

ऊँचाहार, रायबरेली। शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ा। कथा शुरू होते ही तीनों प्रमुख पंडाल श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गए। इसके बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचते रहे। चारों ओर हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिव महापुराण कथा के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, शिवभक्ति, आस्था, विश्वास और समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को शिव के प्रति अटूट विश्वास और भक्ति का मार्ग बताते हुए सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक शक्ति को रेखांकित किया। कथा के दौरान पंडाल में बैठे श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए और पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।
इस दौरान कार्यक्रम में कथा के दूसरे दिन प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया, विधायक विनोद सरोज, विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह, न्यायमूर्ति जे.पी. तिवारी, न्यायमूर्ति पी.के. श्रीवास्तव, महामंडलेश्वर सहित अनेक नामी गिरामी हस्तियों ने कथा में शिरकत की, सभी ने प्रदीप मिश्रा जी का कथा श्रवण किया और आयोजन की भव्यता का अवलोकन किया।
मंत्री ए. के. शर्मा ने मनोज पांडेय को बताया राजनीति का भीष्म पितामह
कथा स्थल पर पहुंचे नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने मनोज पांडेय को “राजनीति का भीष्म पितामह” बताते हुए कहा—“राजनीति तो बाद में है, वह पहले हमारे मित्र हैं।” उनके इस आत्मीय संबोधन पर श्रद्धालुओं ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
वहीं रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने भी भव्य आयोजन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की तथा कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूती देने वाला बताया।
आयोजन की कमान संभाल रहे मंत्री मनोज पांडेय, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
कथा के आयोजक कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय स्वयं आयोजन की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा, प्रवेश एवं आवागमन सहित सभी व्यवस्थाओं का वे स्वयं जायजा ले रहे हैं।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त पंडाल की व्यवस्था भी तत्काल कराई गई। मंत्री मनोज पांडेय प्रशासन और आयोजन समिति के साथ लगातार समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पहुंचेंगे कई मंत्री, प्रशासन ने तेज की तैयारियां
कथा के तीसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आना सुनिश्चित है एवं कई मंत्री एवं विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका,पुलिस अधीक्षक रवि कुमार सहित कई अधिकारी लगातार कथा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।



