पूर्व विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव, वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने दी सफलता और मूल्यों पर आधारित जीवन की प्रेरणा

गाजियाबाद।आईटीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के आईटीएस मोहननगर यूजी कैंपस में “एलुमनाई रीयूनियन 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रम के वर्ष 2014–17 से 2018–21 तक के बैच के 150 से अधिक पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन कॉलेज के चाणक्य प्रेक्षागार में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना था, जहाँ वे आपसी संवाद के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ सकें और अपने अनुभव साझा कर सकें। एलुमनाई रीयूनियन के दौरान इंटरैक्शन सत्र, अनुभव साझा मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और व्यावसायिक नेटवर्किंग गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

आईटीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में एलुमनाई का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान को अपने पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का अर्थ केवल व्यक्तिगत उपलब्धियाँ नहीं, बल्कि माता-पिता, शिक्षकों और संस्थान का नाम रोशन करना भी है। उन्होंने एलुमनाई से आह्वान किया कि वे उच्च आदर्शों और मूल्यों को बनाए रखते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ।

यूजी संस्थान की प्राचार्या नैंसी शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि एलुमनाई की उपलब्धियाँ वर्तमान और भावी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता संस्थान के शैक्षणिक मूल्यों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहचान है। डीन अकादमिक विदुषी सिंह ने भी पूर्व विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति और उत्कृष्टता की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम के दौरान एलुमनाई अपने पुराने शिक्षकों से मिलकर भावुक हो उठे और कॉलेज जीवन की यादें ताजा कीं। कई पूर्व विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में जैसे उद्यमिता, रियल एस्टेट, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, सोशल मीडिया प्रबंधन और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में प्रबंधकीय पदों पर कार्यरत हैं।

Related Articles

Back to top button