मूर्ति विसर्जन पर पीस कमेटी की बैठक: सीओ ने दिए सख्त निर्देश
सिरहोल नहर पुल पर होगी विसर्जन की व्यवस्था

जसवंतनगर,इटावा। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को थाना सभागार में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य और संभ्रांत लोगों ने हिस्सा लिया। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने सभी से त्योहार के दौरान शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
सीओ ने बताया कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए सिरहोल नहर पुल पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालु निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान अव्यवस्था फैलाने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे न बढ़ाने की अपील की। अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। रात में तेज आवाज में साउंड सिस्टम नहीं बजाने के निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की। किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। बैठक में कस्बा इंचार्ज हेमंत कुमार,अनूप पांडे, ललित चतुर्वेदी,शुभम वर्मा आदि मौजूद रहे।



