सड़क दुर्घटना में घायल ने इलाज दौरान तोड़ा दम
उपचार के दौरान 14वें दिन हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के गांव सैफी के सामने तेज रफ्तार बाइक सड़क पर बैठे गौवंश से टकरा जाने से बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों द्वारा उसे सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के 14वें दिन युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार के साथ कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव नगला मनफूल निवासी जितेंद्र पुत्र ब्रजेंद्र उम्र 30 वर्ष 27 अगस्त की देर रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रहे थे तभी सैफी गांव के सामने मुख्य मार्ग पर सड़क पर बैठे गौवंश से अचानक बाइक टकरा गई। जिससे जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा उपचार हेतु सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान जीतेंद्र ने सुबह दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार के साथ कोहराम मच गया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी मोनिका बेसुध हो गई। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी तथा 6 वर्षीय बेटी काव्या व एक वर्ष के मासूम बेटे समेत तमाम परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गया है। परिजनों की सूचना पर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।



