रामपुर बाबुआन बनेगा जीरो वेस्ट गांव, सफाई अभियान के साथ निकली जागरूकता रैली

सुलतानपुर। बल्दीराय विकासखंड की रामपुर बाबुआन ग्राम पंचायत को शासन के निर्देश पर पंचायत राज विभाग ने जीरो वेस्ट गांव के रूप में चयनित किया है। चयन के साथ ही गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त करने की कवायद शुरू हो गई है। योजना को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है।पंचायत भवन में ग्राम प्रधान रति राम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें एडीओ पंचायत दयावंत सिंह, सचिव प्रिंस सिंह,गोरखनाथ सिंह और अनिल कुमार की मौजूदगी में पंचायत कर्मचारियों व ग्रामीणों को जीरो वेस्ट गांव योजना के तहत होने वाले कार्यों की जानकारी दी गई।
योजना के प्रथम चरण में गांव में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। गलियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के साथ ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि गांव को जीरो वेस्ट बनाने के लिए केवल सफाई अभियान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की नियमित सहभागिता भी जरूरी है।बैठक के बाद एडीओ पंचायत और ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान लोगों से घर और आसपास गंदगी नहीं फैलाने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की अपील की गई।
एडीओ पंचायत दयावंत सिंह ने कहा कि गांव को जीरो वेस्ट बनाना किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे गांव की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों के सहयोग से रामपुर बाबुआन को स्वच्छ,सुंदर और आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जा सकता है। गांव के जीरो वेस्ट के रूप में चयन से ग्रामीणों में खुशी है और उन्होंने अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।



