वॉलीबॉल में चौ.सुघर सिंह कॉलेज बना विजेता
सेमीफाइनल में जनता कॉलेज,फाइनल में हिंदू विद्यालय को हराया

जसवंतनगर,इटावा। जनपदीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता-2026 में चौ. सुघर सिंह इंटर कॉलेज, जसवंतनगर की सीनियर बालक वर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपदीय विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासन का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में चौ. सुघर सिंह इंटर कॉलेज की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए जनता कॉलेज, बकेवर को 25-4 के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल मुकाबले में टीम ने हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज, जसवंतनगर को 25-16 से शिकस्त देकर जनपदीय चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने विजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह, गौरव भदौरिया,मनीष चौधरी और खेल शिक्षक धर्मेंद्र कुमार सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार में टीम की इस उपलब्धि पर हर्ष का माहौल रहा।



