मसूरी में ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल का शव कमरे में मिला, कई दिन पुराना बताया जा रहा
आकाश नगर में किराए के मकान में अकेले रह रहे थे योगेश शर्मा, कमरे से दुर्गंध आने पर हुई जानकारी; मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के आकाश नगर में किराए के मकान में रह रहे गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल योगेश कुमार शर्मा (36) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे से बरामद हुआ। शव कई दिन पुराना होने के कारण कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 1 सितंबर की शाम करीब 7:45 बजे पीआरवी के माध्यम से मसूरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि आकाश नगर स्थित एक मकान में हेड कांस्टेबल योगेश कुमार शर्मा मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
बेड पर पड़ा मिला शव
एसीपी मसूरी सुनील कुमार के अनुसार, पुलिस को कमरे के अंदर बेड पर योगेश कुमार शर्मा का शव पड़ा मिला। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था, जिसके चलते कमरे में काफी तेज दुर्गंध फैल रही थी। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
योगेश कुमार शर्मा मूल रूप से मोहल्ला छतरी वाला कुआं, कस्बा स्याना, बुलंदशहर के रहने वाले थे। वह भगवती शंकर शर्मा के पुत्र थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।
पत्नी से चल रहा था मनमुटाव
बताया गया है कि योगेश शर्मा का पत्नी सपना शर्मा से कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। उनकी पत्नी करीब दस दिन पहले अपने मायके अलीगंज चली गई थीं। इसके बाद योगेश आकाश नगर स्थित किराए के मकान में अकेले रह रहे थे।
योगेश शर्मा वर्ष 2015 बैच में आश्रित कोटे से पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



