एनटीपीसी के ऐश डाईक से सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न, किसानों ने किया प्रदर्शन

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी परियोजना के ऐश डाईक से सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों के लिए आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है, प्रधान प्रशासक प्रतिनिधि की अगुवाई में किसानों ने प्रदर्शन करते हुए डैम की सुरक्षा व स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने की मांग को लेकर परियोजना प्रमुख को पत्र भेजा है।
क्षेत्र के उमरन गाँव के पास परियोजना का ऐश डाईक बना हुआ है, परियोजना से हो रहे जलरिसाव के कारण ग्राम पंचायत के उमरन, सेमरा, भखरी, रायपुर, पूरे बलदू, पूरे बेचू, गौसपुर, इसके अलावा झालाबाग, पावरगंज, सुमेरबाग, गंगेहरा गुलालगंज समेत दर्जनों गांवों के किसानों की हजारों बीघे फसल जलमग्न हो गई है, इसके अलावा लगातार हो रहे जलरिसाव से डैम की सुरक्षा को लेकर संकट उत्पन्न हो गया है।
मंगलवार को प्रशासक प्रधान प्रतिनिधि रणजीत सिंह उर्फ रिंकू व बीजेपी नेता जितेंद्र सिंह सेमरा की अगुवाई में दर्जनों किसानों ने प्रदर्शन किया और परियोजना प्रमुख को पत्र लिखकर किसानों के नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने व डैम की सुरक्षा इत्यादि सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस मौके पर रामप्रताप, केदार, संजय, लवकुश, रामबदुर, देशराज, समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।



