सरकारी स्कूलों की बदहाली पर ‘आप’ का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

मऊ। जनपद के सरकारी विद्यालयों की जर्जर स्थिति और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी की। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने और मिड-डे मील की अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
आम आदमी पार्टी ने हाल ही में जनपद भर के सरकारी स्कूलों का ‘जनहित निरीक्षण अभियान’ चलाया था। जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिले के कई स्कूलों में जर्जर व असुरक्षित भवन, टूटी बाउंड्रीवाल, पीने के पानी और शौचालयों की बदहाली की तस्वीरें सामने आईं। सबसे गंभीर स्थिति यह पाई गई कि कई विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिसके कारण एक ही शिक्षक को एक साथ कई कक्षाएं संभालनी पड़ रही हैं।
निरीक्षण के दौरान अभिभावकों ने मिड-डे मील योजना में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि मेन्यू के अनुसार बच्चों को दूध और फल नियमित रूप से नहीं दिए जा रहे हैं। पार्टी ने ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के बाद विक्रम जीत सिंह ने कहा, “सरकारी स्कूल गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के भविष्य की नींव होते हैं। हमारा मकसद किसी शिक्षक या कर्मचारी पर व्यक्तिगत हमला करना नहीं, बल्कि लचर व्यवस्था को सुधारना है। समस्याओं का समाधान केवल कागजों में नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए।”
पार्टी ने जिला प्रशासन को समस्याओं के निस्तारण के लिए 30 दिनों का समय दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि एक महीने के भीतर सुधार और जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो ‘आप’ जनता को साथ लेकर और बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
पार्टी के जिला महासचिव ए.के. सहाय ने कहा कि शिक्षा का स्तर सुधारना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान अवधेश मौर्य, मनोज कुमार, विजय यादव, बिपिन कुमार, अरमान खान, रीता भारती, मंजीत यादव और संजय राजभर सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



