फ़हीम अख़्तर बने डाक्टर बधाईयों का सिलसिला शुरू

जसवंतनगर,इटावा। प्रतिष्ठित व्यवसायी मोहम्मद अलीम के पुत्र फ़हीम अख़्तर ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (ए.एम.यू.) से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त कर अपने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है।
उन्होंने वाणिज्य विभाग से “ग्रीन मार्केटिंग की रणनीतियों का उपभोक्ता क्रय व्यवहार पर प्रभाव: पतंजलि योगपीठ का एक अध्ययन” विषय पर अपना शोधकार्य पूरा किया। यह शोधकार्य डॉ. अनवर अहमद के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
अपने शोध में डॉ.फ़हीम अख़्तर ने हरित विपणन (ग्रीन मार्केटिंग) की प्रमुख रणनीतियों,इको लेबलिंग, ग्रीन ब्रांडिंग और ग्रीन प्रीमियम प्राइसिंग—का उपभोक्ताओं के क्रय निर्णयों पर पड़ने वाले प्रभाव का गहन विश्लेषण किया है। उनका यह शोध आधुनिक उपभोक्ता प्रवृत्तियों तथा सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।
डॉ. फ़हीम अख़्तर की शैक्षणिक यात्रा अत्यंत प्रेरणादायी रही है। उन्होंने प्रत्येक शैक्षणिक स्तर पर प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है तथा उनके कई शोध-पत्र अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
वर्तमान में डॉ. फ़हीम अख़्तर सहायक आचार्य के रूप में अध्यापन एवं शोधकार्य में सक्रिय हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शुभचिंतकों और नगरवासियों ने गर्व व्यक्त किया है।



