तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बालक घायल

इलाज जारी,हालत पर नजर

जसवंतनगर,इटावा। नगर के मोहल्ला कोठी कैस्त में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। साईं पैलेस के सामने सड़क पर तेज रफ्तार लोडर वाहन ने शिव पुत्र रामू को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बालक को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बालक को चोटें आई हैं और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बताया गया है कि घायल शिव के पिता रामू फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Back to top button